अखिल के परिजनों को अब न्याय का इंतजार
मुजफ्फरनगर। सूरत में कोर्ट ने आसाराम के बेटे नारायण सांई को उम्र कैद की सजा सुनाई है। पीड़िता की बड़ी बहन के यौन शोषण के मामले में मुजफ्फरनगर निवासी अखिल गुप्ता सरकारी गवाह था, जिसकी चार साल पहले जानसठ रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अखिल गुप्ता के परिवार को भी न्याय का इंतजार है। मुख्य हत्यारोपी दो साल से हरियाणा की कुरुक्षेत्र जेल में बंद है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड पर स्थित गीता एंक्लेव निवासी अखिल गुप्ता कई साल तक आसाराम का अनुयायी रहा। वह अहमदाबाद आश्रम में आसाराम का खास शिष्य था। वर्ष 2008 में उसने अहमदाबाद आश्रम छोड़ दिया था तथा यहां शहर में आकर दूध की डेयरी पर अपना कारोबार करने लगा था। इसके बाद ही सूरत की दो बहनों ने आसाराम और उसके बेटे नारायण सांई पर बंधक बना कर यौन शोषण का आरोप लगाया था। करीब ग्यारह साल पहले एक बहन ने नारायण साईं पर 2002 और 2005 के बीच सूरत के आश्रम में रहने पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। पीड़िता की बड़ी बहन ने अहमदाबाद में 1997 और 2006 के बीच आश्रम में रहते हुए आसाराम पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस मुकदमे में अहमदाबाद पुलिस ने यहां आकर अखिल गुप्ता पर शिकंजा कसा तो वह आसाराम के खिलाफ सरकारी गवाह बन गया था। चार वर्ष पहले 11 जनवरी 2015 की देर शाम जब अखिल गुप्ता शहर में सिटी सेंटर के सामने स्थित अपनी दूध की डेयरी से अपने आवास पर जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उसकी गोली मार कर हत्या कर दी थी। मार्च 2016 में गुजरात एसटीएफ और क्राइम ब्रांच ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से कार्तिक हलदर को गिरफ्तार कर अखिल गुप्ता हत्याकांड का खुलासा किया था। कार्तिक हलदर वर्तमान में हरियाणा की कुरुक्षेत्र जेल में बंद है। अखिल के परिजनों को भी न्याय का इंतजार है।
सच सामने आया है, हमें भी मिले न्याय
मुजफ्फरनगर। नारायण सांई को दुष्कर्म के मामले में उम्र कैद की सजा होने पर अखिल गुप्ता के पिता नरेश गुप्ता ने कहा कि सच सामने आया है। हमें भी न्याय का इंतजार है। उन्होंने अखिल हत्याकांड में पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि पुलिस बाकी आरोपियों को नहीं पकड़ रही है। हत्यारोपी कार्तिक हलदर को भी हरियाणा पुलिस कोर्ट में पेश नहीं कर रही है। जिस कारण अभी तक मुकदमा सेशन सुपुर्द भी नहीं हुआ है।