गोकशी के शक में युवक की पिटाई
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव पलड़ी में गोकशी के प्रयास का शोर मचने पर ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई की, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से गाय व गोकशी के उपकरण बरामद किए । उधर, पुलिस ने ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी में ग्रामीणों को मंगलवार की देर रात सूचना मिली कि गांव के बाहर एक स्थान पर कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। गांव में गोकशी की सूचना से एक समुदाय के लोगों में रोष फैल गया। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मौके पर कुछ लोग गोकशी करने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने गोकशी करने का प्रयास कर रहे लोगों को पकड़ना चाहा, तो वह मौके से भागने लगे । मौके से फरार होने वाले लोगों में से गांव के ही भूरा पुत्र इस्लाम को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से एक गाय व गोकशी के उपकरण बरामद किए। साथ ही ग्रामीणों की पिटाई में गंभीर रूप से घायल भूरा को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया , जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। उधर, घायल की पत्नी अफसाना ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि मंगलवार की रात्रि उसका पति गांव बसीकलां में अपनी बहन से मिलने जा रहा था। गांव की पार्टीबाजी के चलते गांव के कुछ लोग उसके पति से रंजिश रखते हैं, जिन्होंने रास्ते में उसके पति को पकड़ कर जान से मारने की नियत से धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया । महिला ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है । थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच उपरांत ही कार्रवाई की जाएगी।