रिश्ते को ठुकराकर प्रेमी संग गई युवती
भोपा। परिजनों द्वारा रिश्ता कर दिए जाने से नाराज युवती उन्हें ठुकराते हुए प्रेमी संग चली गई। युवती करीब दो साल पूर्व ही प्रेमी संग कोर्ट मैरिज कर चुकी थी और फिलहाल बिना किसी को इस बारे में बताए माता-पिता के साथ ही रह रही थी। पुलिस ने युवती के कोर्ट में बयान कराने के बाद उसे प्रेमी के सुपुर्द कर दिया, जहां से वह परिजनों को ठुकराते हुए प्रेमी संग नई दुनिया बसाने चली गई।
थाना क्षेत्र के गांव के इस मामले ने ग्रामीणों को हतप्रभ कर दिया है। दरअसल, गांव निवासी युवती का एक युवक से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब दो साल पूर्व युवक-युवती चुपके से बिना किसी को बताए कोर्ट मैरिज भी कर चुके थे और अपने-अपने घर पर ही रह रहे थे। कुछ दिन पूर्व युवती के परिजनों ने उसका रिश्ता तय कर दिया था, जिसकी जानकारी युवती ने प्रेमी को देते हुए उसे वहां से अपने साथ ले जाने के लिए कहा था। युवती की सहमति पर प्रेमी ने कोर्ट में याचिका दायर कर प्रेमिका को उसके परिजनों द्वारा घर में बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया, जिस पर कोर्ट ने पुलिस को युवती के बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व युवती को न्यायालय ले जाया गया जहां युवती ने बयान दर्ज कराते हुए प्रेमी व अब पति के साथ जाने की इच्छा जताई। इस पर थाना पुलिस ने युवक और युवती को उसकी इच्छानुसार प्रेमी संग भेज दिया। ऐहतियातन दोनों को सुरक्षा भी मुहैया कराई गई।
डोडा के साथ युवक गिरफ्तार
भोपा। मोरना चौकी प्रभारी लेखराज सिंह ने बताया कि भोपा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को मोरना-भुवापुर मार्ग से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तलाशी में करीब दो किलो डोडा बरामद किया गया। एसआई ने बताया कि आरोपी मोरना में मादक पदार्थों की स्मगलिंग करता है, जिसके पास से बरामद बाइक भी चोरी की पाई गई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
बाइकों की भिड़ंत में चार घायल
भोपा। मोरना मार्ग स्थित कासमपुर चौराहे पर मंगलवार दोपहर स्कूटी व दो बाइकें आपस में ही भिड़ गईं। हादसे में गांव छछरौली निवासी आकाश, उसकी मां ऊषा के साथ ही स्कूटर सवार भोपा निवासी मोमीश और कसौली निवासी इकरार घायल हो गए। सभी घायलों को ले जाकर पीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।