तिहाड़ जेल से फरार हुए कैदी की जनपद में तलाश
मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली की अति सुरक्षित तिहाड़ जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा सलीम नामक एक कैदी रक्षाबंधन की सुबह तमाम सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार हो गया। उक्त कैदी मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में स्थानीय पुलिस अमला भी जुटा हुआ है, लेकिन देर रात तक भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी। कैदी जनपद में कहां का रहने वाला है, इस संबंध में दिल्ली पुलिस से भी फिलहाल किसी तरह की जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं मिली है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त कैदी अपनी सजा के करीब 13 साल से अधिक समय पूरा कर चुका है। इस अवधि में उसके खिलाफ एक भी शिकायत नहीं होने से उसे रियायत दी गई थी, जिसका फायदा उठाकर वह अफसरों के आवास की तरफ से जेल परिसर से निकलकर रफूचक्कर हो गया।