मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग के निकट आयुष गैस एजेंसी के गोदाम में खड़े गैस सप्लाई करने वाले दो मिनी ट्रकों से बदमाशों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया। गैस गोदाम चौकीदार राजेश निवासी बलीपुरा की ओर से थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने गोदाम परिसर में खड़े दो मिनी ट्रकों से दो बैटरी, दो टेप, दो पेन ड्राइव, दो स्पीकर आदि समान चोरी कर लिया। पुलिस ने चौकीदार और एक अन्य व्यक्ति से पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
चार दिन बाद दर्ज हुई हादसे की रिपोर्ट
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर बिजलीघर के निकट गन्ने से लदे ट्राली और कार भिड़ंत की रिपोर्ट चार दिन बाद दर्ज कराई गई। पुलिस ने ट्राली चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दुर्घटना की रिपोर्ट सुभाष कुमार निवासी तमूरपुर जनपद बिजनौर ने दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 09 जनवरी की रात सुभाष कुमार का बेटा अमित पत्नी मीनाक्षी, मीनाक्षी की बहन दीक्षा, अमित की सास मनोरमा, अमित का चचिया ससुर नरेंद्र सिंह कार से गाजियाबाद से बिजनौर जा रहे थे। मीरापुर बिजलीघर के पास पहुंची तो विपरीत दिशा से आ रहे गन्ने के ट्राले ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक हसन निवासी पिमौड़ा को मोन्टी तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
युवक के खाते से 16 हजार उड़ाए
मीरापुर। दो बदमाशों ने एक युवक का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 16 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित युवक राकेश कुमार निवासी पुट्ठी इब्राहिमपुर थाना रामराज ने थाने में तहरीर देकर बताया कि करीब तीन बजे वह मीरापुर के कारपोरेशन बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए एटीएम केबिन में घुसा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति भी पहुंचे ओर उन्होंने बात करते हुए उसका एटीएम बदल दिया। दोनों व्यक्तियों ने पीड़ित राकेश का एटीएम लेकर कुछ ही दूरी पर पीएनबी केथौड़ा के एटीएम से उसके खाते से 16 हजार रुपये उड़ाकर फरार हो गए। रुपये निकलने का मैसेज आने पर पीड़ित को घटना का पता चला।