दो शराब तस्कर दबोचे, शराब बरामद
मुजफ्फरनगर। डीएम के आदेश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आबकारी विभाग की टीम ने पुरकाजी और शाहपुर क्षेत्र में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में कच्ची और अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की बाइक और स्कूटी से तस्करी की जा रही थी। टीम ने वाहनों को भी जब्त कर लिया।
जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दो स्थानों पर सफलता मिली। आबकारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह एवं राजकुमार ने टीम के साथ पुरकारी के गांव हरिनगर के जंगल मे छापा मारकर करीब 40 लीटर कच्ची शराब सहित एक बाइक बरामद की। टीम ने शराब तस्कर महबूब अली पुत्र अली हसन निवासी कैल्लनपुर, पुरकाजी को किया गिरफ्तार। वह काफी समय से कच्ची शराब की तस्करी में लिप्त था। इसके अलावा आबकारी विभाग की टीम ने शाहपुर क्षेत्र में काकड़ा से कुटबा- कुटबी जाने वाले मार्ग से एक्टिवा पर दो कपड़ों में तीन पेटी अवैध शराब की ले जाते हुए तस्कर गौतम कर्णवाल पुत्र राजकुमार कर्णवाल निवासी रैदासपुरी, सिविल लाइन को किया गिरफ्तार किया। संबंधित थानों में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में अभियोग किया पंजीकृत कर जेल भेजा गया।