भाजपा नेता समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में मामूली बात को लेकर बुधवार को भाजपा नेता व उसके पुत्र द्वारा चाचा व भतीजे को मारपीट कर घायल करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सत्तापक्ष नेताओं के दबाव में पुलिस द्वारा मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सतीश खटीक और उसके पुत्र कस्बे के ही चाचा व भतीजे रविंद्र व सन्नी को बाजार में सब्जी खरीदते समय मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया था। घायल चाचा रविंद्र की ओर से पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। पुलिस ने भाजपा नेता सतीश खटीक उसके पुत्र हर्ष, महेश, प्रवेश व हनी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।