घंटो इलाज के बगैर तड़पता रहा घायल
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव भोकरहेड़ी निवासी ओमपाल के साथ रविवार सुबह रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के चलते पड़ोसी ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए घायल कर दिया। इस दौरान मकान में तोड़फोड़ भी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी गंभीर हालत देख पीएचसी के बजाए एक होमगार्ड के साथ सीधे जिला अस्पताल भेज दिया। आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी कक्ष में मौजूद चिकित्सक ने बिना पीएचसी की रैफर स्लिप के घायल ओमपाल का उपचार करने से इंकार कर दिया। इसके बाद घायल के साथ आए होमगार्ड को उपचार करने से पहले सीएमओ से लिखित आदेश लाने की बात कही, लेकिन सीएमओ नहीं मिले। आरोप है कि इसके चलते घायल ओमपाल घंटों उपचार के अभाव में इमरजेंसी में ही पड़ा तड़पता रहा, लेकिन किसी भी डॉक्टर का दिल नहीं पसीजा।