युवक की हत्या से दो गांवों के बीच तनातनी
मोरना (मुजफ्फरनगर)।
यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर के गांव दल्लावाला और जोगावाला-दाबकी खेड़ा के ग्रामीणों के बीच तनातनी का माहौल हैै। दल्लावाला के युवक की हत्या से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने तनाव को देखते हुए आनन फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रशासन से मांग की है। विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी व बहनों को प्राइवेट नौकरी दिलवाने का आश्वासन देकर उनके गुस्से को शांत किया। पुलिस की मौजूदगी में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। तनाव को देखते हुए बॉर्डर के गांवों में भारी पुलिस बल तैनात है।
यूपी और उत्तराखंड की सीमा से सटे गांव दल्लावाला निवासी 22 वर्षीय सोकेश पुत्र मांगेराम चौहान अपनी बुआ के लड़के अनिल कुमार के साथ मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे भैंसा-बुग्गी लेकर खेतों से चारा लेने के लिए जा रहे थे। गांव जोगावाला मार्ग पर सामने से आ रही युवकों की बाइक भैंसा बुग्गी से टकरा गई। बाइक पर दाबकी खेड़ा निवासी फिरोज, संतर अली और करमूदीन सवार थे। जो कि बाण गंगा से मछली पकड़ने जा रहे थे। बाइक टकराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया। कुछ देर बाद दोनों गांवों के लोग लाठी डंडे लेकर पहुंच गए। एक पक्ष के फिरोज, करीमूदीन, संतर अली, इसराइल, मेमन अली और दूसरे पक्ष के सोकेश, अनिल सुरेंद्र के बीच संघर्ष हो गया। हमले में सोकेश के सीने मे मछली पकड़ने वाला तेजधार वाला औजार घोंप दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोकेश की मौत को सूचना मिलने पर चौहान बिरादरी बहुल गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण काफी संख्या में गांव दल्लावाला पहुंच गए, जिसको लेकर क्षेत्र में तनाव फैल गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से हरिद्वार रेंज का पुलिस बल बॉर्डर के गांवों तैनात कर दिया गया। आरोपियों के गांव जोगावाला और दाबकी खेड़ा के चोराहों पर पुलिस व पीएसी बल तैनात कर दिया गया। मंगलवार को देर रात तक शव का पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को दे दिया गया। बुधवार की सुबह को ग्रामीणों व परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। घटनास्थल पर एसएसपी कृष्ण कुमार, वीके चौहान क्षत्रीय कल्याण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयपाल सिंह, महामंत्री रविंद्र सिंह, नेत्रपाल, योगेश प्रधान, बुधाराम, पप्पू मास्टर, डा. बुध सिंह, सलेकचंद आदि के बीच मृतक के पिता मांगेराम से बातचीत कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीणों व परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
भाजपा नेता-पुलिस के बीच हुई धक्कामुक्की
मृतक के परिजनों से बातचीत कर रहे एसएसपी कृष्ण कुमार वीके और भाजपा नेता अमित राठी के बीच पुलिस अधिकारियों को किनारे कर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। ग्रामीणों और पुलिस के बीच शोरशराबा होने लगा। उत्तराखंड के आला अधिकारियों ने यूपी के लोगों को देखने की धमकी देकर चले जाने को कहा, तो मजलिसपुर तौफीर, सिताबपुरी, महाराज नगर, बिहारगढ़, भुवापुर, हस्तिनापुर, रामराज, मीरापुर आदि क्षेत्र के दर्जनों गांव के चौहान बिरादरी के लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
सात लोगों पर हत्या का मुकदमा, चार गिरफ्तार
मृतक के पिता मांगेराम पुत्र जगराम ने अपने बेटे सोकेश की हत्या करने के मामले में शमशेर व जमशेद पुत्रगण अलीहसन, फिरोज पुत्र संतर अली, संतर अली पुत्र महमूद, कमरुदीन पुत्र जमीरु, गुलाम पुत्र नजबूदीन, काला पुत्र शल्ला, इजराइल पुत्र जमीरु आदि के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने फिरोज, कमरुदीन, संतर अली और इजराइल को गिरफ्तार लिया है।
परिवार के सदस्यों पर टूटा गम का पहाड़
मृतक की शादी दो वर्ष पूव भोपा क्षेत्र के गांव विहारगढ़ निवासी रामपाल की लड़की प्रीति के साथ हुई थी। प्रीति के डेढ़ साल की बेटी प्रियांशी है। मृतक अपने पीछे मां कमलेश, पिता मांगेराम, पत्नी प्रीति व बेटी प्रियांशी तथा पांच बहनों सीमा, रिया, सर्वेश, गुड़िया, ज्योति को रोते बिलखते छोड़ गया। परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है।