मॉर्निंग वाक में भी उपचार करेंगे डॉक्टर: धर्मसिंह
मुजफ्फरनगर।
प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी ने कहा कि अब मॉर्निंग वाक के समय भी आयुष के डॉक्टर शहर के बड़े पार्को में मौजूद रहेंगे। मोबाइल डिस्पेंसरी के माध्यम से गरीबों और श्रमिकों के बीच पहुंचकर उपचार किया जाएगा। प्रदेश की 158 डिस्पेंसरी को उच्चीकृत किया जा रहा है। प्रदेश में 100 योगा वेलनेस सेंटर प्रारंभ किए है। इसी के साथ पूरे प्रदेश में आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मलिन बस्तियों में आयुष के शिविर लगाए जा रहे हैं। जल्द ही प्रदेश में आयुष यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।
भाजपा के समरसता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने आए प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि जब उन्हें मंत्रालय मिला आयुष विभाग मृतप्राय था। प्रदेश में सात में से तीन होम्योपैथिक कॉलेजों की फैकल्टी की कमी के कारण मान्यता खत्म हो गई थी। अस्पतालों में न डाक्टर थे और न ही दवाई। एक साल में पूरे विभाग को पटरी पर लाया गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सातों कॉलेजों में स्टाफ की व्यवस्था की गई। छात्रों के एडमिशन शुरू हुए। प्रदेश के चिकित्सालयों में 47 करोड़ की आयुर्वेद की दवाई भेजी गई। 23 करोड़ की होम्योपैथिक की दवा पहुंच रही है। करिये योग रहिये निरोग कार्यक्रम के तहत पूरे प्रदेश में एक सौ योगा वेलनेस सेंटर खोले गए हैं। इन सेंटरों पर योग के माध्यम से शरीर को निरोगी रखने का तरीका बताया जाएगा। प्रदेश में सभी जिलों के एक सौ आयुष चिकित्सालयों को 50 बेड से उच्चीकृत का किया गया है। 158 डिस्पेंसरी को जीर्णशीर्ण थी उन्हें प्रत्येक को 15-15 लाख दिए गए। आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत डॉक्टर गरीब बस्तियों में जाकर कैंप लगा रहे हैं और नि:शुल्क दवा भी दे रहे हैं। प्रदेश सरकार जल्द ही एक आयुष यूनिवर्सिटी लखनऊ में खोलने जा रही है। इसके लिए जमीन की तलाश हो रही है। वार्ता में विधायक कपिलदेव अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल, श्याम सिंह सैनी, जगदीश पांचाल, कमलकांत कश्यप, रविदत्त सैनी आदि मौजूद रहे।