मांस फेंकने में अज्ञात में मुकदमा
मोरना। दीवार पर सीढ़ी लगाकर घर में मांस फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। ककरौली के एसएसआई राजकुमार राणा ने बताया कि मंगलवार की रात को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति के मकान में मांस रखा हुआ है। पुलिस ने मकान का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर मकान मालिक तौसीफ पुत्र हनीफ से उसके मकान में मांस के बारे में पूछताछ की। तौसीफ ने बताया कि उसके घर में कोई मांस नहीं है। आंगन में तलाशी लेने पर एक क्टटे में भरा हुआ मांस तथा एक छूरी बरामद हुई तथा मकान के बाहर दीवार से लगी सीढ़ी भी मिली। पुलिस ने तौसीफ को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन करने पर उसे निर्दोष पाया। तौसीफ ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध घर में मांस फेंकने को लेकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।