हथियारों के बल बाइक और नकदी लूटी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। जोगियाखेड़ा गांव में रिश्तेदारी से घर जाते समय हरियाणा के युवक को हथियारबंद बदमाशों ने लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित युवक तहरीर लेकर फुगाना और बुढ़ाना थाने के चक्कर काटता रहा। एक दूसरे की सीमा बताकर दोनों थानों की पुलिस ने उसे टरका दिया।
हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला रामभरोसे शनिवार को फुगाना थाने के गांव जोगियाखेड़ा में रिश्तेदारी में आया हुआ था। शाम वह रिश्तेदारी से बाइक द्वारा घर जा रहा था। बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर परासौली पुलिस चौकी से एक किमी की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसको रोक लिया। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए उसकी बाइक और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना रामभरोसे ने अपने रिश्तेदारों को दी। घटना की तहरीर लेकर रामभरोसे थाना फुगाना और बुढ़ाना के चक्कर काटता रहा। दोनों थानों की पुलिस एक दूसरे का क्षेत्र बताकर उसे टरकाती रही। किसी भी थाने की पुलिस ने उसकी तहरीर नहीं ली।