पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
बुढ़ाना। गांव हरियाखेड़ा निवासी गुलाब सिंह ने कुछ माह पहले आरटीआई के माध्यम से अपनी ग्राम पंचायत का आय व्यय का ब्यौरा मांगा था। कुछ गांव वालों का आरोप है कि गांव की आय व्यय के पोस्टर बनाकर गांव में चिपकाकर गुलाब सिंह माहौल खराब कर रहा था। शिकायत पर पुलिस ने युवक गुलाब सिंह को हिरासत में ले लिया। गुलाब सिंह के पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हंगामा करते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रधान के दबाव में युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर पूछताछ के लिए युवक को लाया गया था। पुलिस ने युवक को हिदायत देते हुए ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया। इस मौके पर सुधीर पहलवान, सुभाष बालियान, केपी सिंह, लोकेश, सतपाल, वजयपाल, डॉ. राजवीर, मुनशैद आदि मौजूद रहे।