बस चालक के साथ मारपीट
खतौली। रोडवेज बस के नीचे कुचले जाने से महिला बच गई। लोगों ने लापरवाही मानते हुए बस चालक की जमकर धुनाई कर डाली। मारपीट को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। बस में सवार यात्रियों में भी अफरातफरी मच गई थी। इस दौरान जाम भी लग गया था।
मंसूरपुर की रहने वाली राजेश्वरी मेरठ डिपो की बस में बैठकर खतौली में अपनी रिश्तेदारी में आ रही थी। जीटी रोड पर पटेल चौक पर महिला रोडवेज से नीचे उतरने लगी। इसी दौरान चालक ने अचानक बस को चला दिया। जिससे नीचे उतरते समय महिला रोडवेज के पहिये के नीचे आने से बाल बाल बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने लापरवाही मानते हुए बस के चालक के साथ मारपीट करनी प्रारंभ कर दी, जिसको लेकर हंगामा खड़ा हो गया। मारपीट से बस में सवार यात्रियों में भी अफरातफरी मच गई थी। इस दौरान जीटी रोड पर जाम लग गया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर बमुश्किल मामला शांत किया। इस मामले की पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।