सांझक में कब्रिस्तान की भूमि कब्जाने का आरोप
शाहपुर। सांझक के प्रधान लुकमान चौधरी ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि प्राइमरी स्कूल के रास्ते पर स्थित खसरा नंबर-349 कब्रिस्तान की भूमि है। करीब छह माह पूर्व पुलिस-प्रशासन के सहयोग से इस जमीन से अवैध कब्जा हटवाकर चंदा एकत्रित कर बाउंड्री कराई गई थी। आरोप है कि सोमवार देर रात कुछ लोगों ने कब्रिस्तान की उक्त भूमि की बाउंड्री बिस्मार कर काफी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। प्रधान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भाजपा नेताओं ने की श्रीराम की आरती
शाहपुर। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद डॉ संजीव बालियान, विधायक उमेश मलिक व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुधीर सैनी ने कस्बे में चल रही श्रीरामलीला में पहुंचकर भगवान श्रीराम की आरती की। सांसद ने इस दौरान कस्बे के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। श्रीरामलीला समिति के संरक्षक श्यामपाल सिंघल, अध्यक्ष सुनील मित्तल, बालेश सिंघल, मणिकांत मित्तल, विशाल गर्ग, उमेश गोयल, भंवरपाल कश्यप, राहुल गोयल व सचिन सिंघल ने अतिथियों का सम्मान किया। इसके बाद भाजपा नेता व सांसद-विधायक जाहरवीर गोगाजी की म्हाड़ी पर चल रही चलचित्र रामलीला में पहुंचे और पूजा-अर्चना की। यहां सांसद ने रास्ते का निर्माण कार्य कराए जाने की घोषणा की। मनोज सैनी, रविंद्र सैनी, रूपराम सैनी, कपिल सैनी, अनुज अग्रवाल, ललित जैन व अरविंद पाल मौजूद रहे।
आंदोलन जनकल्याण की सभा आज
मीरापुर। कसबे के चौधरी पैलेस में बुधवार दोपहर आंदोलन जन कल्याण की सभा होगी। संयोजक प्रमोद कुमार ने बताया कि सभा में समावेशी विकास में गरीब और किसान की सही भूमिका क्या हो, विषय पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा अन्य जनकल्याण के विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।