पुलिस ने दो बंदूकें बरामद की
पुरकाजी। पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम भोजाहेड़ी में छापा मारकर दो बंदूकें बरामद कर लिया है। पुलिस ने बंदूक स्वामियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबिर द्वारा मिली सूचना पर ग्राम भोजाहेड़ी में छापा मारा गया था, जहां से जान मोहम्मद के घर से 12 बोर की दो बंदूकें व 10 कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की गई तो एक बंदूक गांव के ही मुनसब अली के नाम है, जिसका पुत्र वसीयत गांव में गत सप्ताह हुए आबाद हत्याकांड में मुजरिम है और दूसरी बंदूक अवैध पाई गई है। उन्होंने बताया कि जान मोहम्मद के विरुद्ध अवैध बंदूक रखने व दूसरे का असलाह अपने घर में रखने की धारा के तहत व मुनसब अली के विरुद्ध अपने लाइसेंसी शस्त्र के नियमों का उल्लंघन कर उसे रखने में अपनी जिम्मेदारी ना निभाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गालीगलौज करने का आरोप
पुरकाजी। नगर पंचायत कर्मचारी ने थाने पर तहरीर देकर कस्बा निवासी एक व्यक्ति पर गालीगलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्यवाही की मांग की है।
नगर पंचायत सफाई कर्मचारी सोमपाल ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि ईद पर्व को लेकर वह अन्य कर्मचारियों के साथ बुधवार को ईदगाह के निकट सफाई करा रहा था। जहां पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिन्होंने सफाई कार्य में बाधा डालकर मेरे साथ गालीगलौज की। पीड़ित ने तहरीर में नामजद आरोपी लियाकत व उसके दो पुत्रों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।