फरार सप्लायरों की तलाश में दबिश
मुजफ्फरनगर। मदीना कॉलोनी में करीब एक पखवाड़े पूर्व पकड़ी गई नकली शराब फैक्टरी प्रकरण में तीन अन्य लोगों के नाम बतौर सप्लायर सामने आए हैं, जिनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। वहीं, फैक्टरी में होलोग्राम व स्टीकर्स सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिसे मिलाकर अब तक कुल 11 लोग इस मामले में जेल भेजे जा चुके हैं।
शहर के रुड़की रोड स्थित मदीना कॉलोनी में क्राइम ब्रांच ने करीब एक पखवाड़े पूर्व नकली शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। मौके से बड़ी मात्रा में नकली शराब, बोतलें, नशे के इंजेक्शन, यूरिया, रेक्टिफाइड स्प्रिट व अन्य सामान बरामद किया गया था। मामले में पुलिस ने कुल दस लोगों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें जेल भेज दिया गया था। जांच में शराब फैक्टरी में इस्तेमाल होने वाले मोनोग्राम व स्टीकर्स मंसूरपुर डिस्टलरी से सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ था, जिसे विक्की उर्फ विशाल नामक युवक फैक्टरी में सप्लाई कर रहा था। इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि विक्की उर्फ विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विक्की को मिलाकर उक्त प्रकरण में अब तक कुल 11 लोगों को जेल भेजा जा चुका है। वहीं, जांच में तीन अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें कूकड़ा निवासी अरविंद, संधावली निवासी राजेश और मंसूरपुर निवासी अभिषेक शामिल हैं। इंस्पेक्टर के शब्दों में, उक्त तीनों आरोपी बतौर सप्लायर नकली शराब फैक्टरी से जुड़े हुए थे, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।