मुजफ्फरनगर। पुरानी गुड़ मंडी स्थित गोदाम के ताले तोड़कर लाखों कीमत का माल चोरी कर लिया गया। कारोबारी ने तीन लोगों पर शक जताते हुए नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के निवासी शिवचरण दास और प्रदीप कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पुरानी गुड़ मंडी में फर्म है। फर्म मालिकों ने पुरानी गुड़ मंडी में स्थित सत्यपाल का गोदाम किराए पर लिया था। बताया कि शनिवार रात बदमाशों ने उनके गोदाम के ताले तोड़कर करीब छह लाख रुपये कीमत का माल चोरी कर लिया। रविवार सुबह गोदाम पहुंचने पर जब वहां के गेट के ताले टूटे मिले, तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। पीड़ित कारोबारी ने तीन लोगों पर चोरी का शक जताते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले को किराएदार और गोदाम मालिक के बीच लेनदेन संबंधी विवाद से जुड़ा मानते हुए जांच कर रही है।