लापता युवक की हत्या की आशंका जताई
मुजफ्फरनगर। गांव मिमलाना से तीन माह पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हुए युवक के मामले में नया मोड़ आ गया है। पीड़ित पक्ष के परिजनों ने रविवार को शक के आधार पर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले करते हुए उस पर साथियों के साथ लापता की काली नदी में डुबाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक से पूछताछ की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मिमलाना निवासी आरिफ पुत्र आजाद करीब तीन माह पूर्व शाम करीब चार बजे संदिग्ध हालात में घर से ही लापता हो गया था। हरसंभव तलाश के बावजूद युवक का सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। हालांकि तीन माह बीतने के बावजूद अब तक युवक के संबंध में कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई है। रविवार सुबह आरिफ के परिजनों ने गांव के ही एक युवक को शक के आधार पर पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उक्त युवक अपने अन्य साथियों के साथ लापता आरिफ को काली नदी में नहाने के लिए घर से बुलाकर ले गया था। आरोप लगाया कि उक्त युवक ने ही किसी बात पर विवाद होने के चलते आरिफ को मारपीट के बाद काली नदी के गहरे पानी में डूबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, आरोपी युवक द्वारा आरिफ के नहाने के दौरान खुद ही नदी में डूब जाने की बात की जा रही है। मामले की जांच कर रहे एसआई राजेंद्र गिरि ने बताया कि लापता आरिफ के परिजनों ने एक युवक को शक के आधार पर उन्हें सौंपा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बहुत जल्द लापता युवक की गुमशुदगी का राजफाश कर दिया जाएगा।