घोटाले में फंसे अफसरों को बचा रहा विभाग
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद ने खाद्य विभाग की प्रमुख सचिव पर विभागीय अधिकारियों को बचाने का आरोप लगाया। परिषद का कहना है कि प्रदेश में खाद्य वितरण में जो घोटाला हुआ उसका पासवर्ड केवल अफसरों के पास था। परिषद ने मुख्यमंत्री के नाम शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल को दिए ज्ञापन में कहा कि खाद्यान्न घोटाले में राशन विक्रेताओं और विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। राशन कार्ड बनाने, निरस्त करने, कार्ड में आधार लगाने, आधार हटाने से कोटेदार और आमजन का कोई संबंध नहीं है। विभाग के अफसरों के पास ही कोडवर्ड होता है। पूरे घोटाले में कर्मचारियों और अधिकारियों को बचाने का काम प्रमुख सचिव के द्वारा किया जा रहा है। निष्पक्ष जांच कर इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में कृष्ण गोपाल मित्तल, जितेंद्र सिंघल, राकेश त्यागी, बिजेंद्र कुमार, द्वारका दास, ओम प्रकाश गांधी आदि रहे।