युवती को अगवा किया
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 22 साल की बेटी दस अक्तूबर को घर से किसी काम के लिए जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन लापता हो गई। तलाश के दौरान पता चला कि मोहल्ले का ही अक्षय त्यागी युवती को अपहरण कर भगा ले गया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवती के अपहरण की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ई-रिक्शा चालक से मारपीट, धमकी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी मनोज ने तहरीर देकर बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे शिवचौक से निकल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान जाम में एक रेहड़ा चालक ने आगे निकलने के लिए उसके साथ गालीगलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने मनोज के साथ मारपीट कर उसे धमकी दे डाली। पीड़ित के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी रेहड़ा चालक को मौके पर ही पकड़कर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मनोज की तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपी शाहनवाज पुत्र नूर मोहम्मद निवासी सुभाषनगर का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
मस्कट व कारतूस समेत पकड़ा युवक
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाने के एसआई लेखराज सिंह ने प्रकाश चौक के पास से चेकिंग के दौरान युवक को मस्कट व कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया। बाद में पकड़े गए युवक को छुड़ाने के लिए थाने में लोगों का जमावड़ा लगा रहा, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ने से इंकार कर दिया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया युवक सिखेड़ा के गांव दौलतपुर निवासी कपिल मलिक है, जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।