रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव मंडावली खादर के श्मशान घाट में महिला की चिता के पास तांत्रिक क्रिया करते तीन युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया। तीनों की जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी रब्बान पुत्र जान आलम की विवाहिता बहन मुनसैना काफी समय से बीमार चल रही है। उसने गांव में ही रह रहे छपरौली के मूल निवासी तांत्रिक मंजूर हसन पुत्र फारूख खान से अपनी बहन के इलाज की बातचीत की। मंजूर हसन ने श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करके उसकी बहन का इलाज करने का आश्वासन दिया था। रविवार शाम चार बजे रब्बान अपने साथ तांत्रिक मंजूर हसन और एक अन्य युवक आमिर पुत्र नफीस निवासी गांव कल्याणपुर को साथ लेकर बाइक से गांव मंडावली खादर में श्मशान घाट पर पहुंचे, जहां सुबह गांव मंडावली निवासी लता पत्नी मदन सिंह का अंतिम संस्कार किया गया था। तांत्रिक ने जलती चिता से छेड़छाड़ करके तांत्रिक क्रिया करनी शुरू कर दी। साथ में रब्बान व आमिर भी बैठ गए। इस दौरान मृतक महिला के परिजन ग्रामीणों के साथ चिता देखने श्मशान घाट पहुंच गए। इस दौरान चिता के साथ छेड़छाड़ करते हुए देखकर ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष रतनपुरी वीरेंद्र कसाना ने तांत्रिक समेत तीनों युवकों से सख्ती से पूछताछ की। एसओ रतनपुरी वीरेंद्र सिंह कसाना का कहना है तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में है। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।