क्राइम ब्रांच को घुमाता रहा हत्यारोपी कार्तिक
मुजफ्फरनगर। आसाराम के विरुद्ध रेप कांड में गवाए बनाए गए अखिल गुप्ता की हत्या के मुख्य आरोपी कार्तिक हलदर को कस्टडी रिमांड पर लेकर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ शुरू कर दी है। 36 घंटे के लिए मिले रिमांड में क्राइम ब्रांच के हाथ पहले दिन कुछ नहीं लगा। हत्यारोपी टीम को गुमराह करने के साथ इधर-उधर घुमाता रहा। क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी से हत्या में प्रयुक्त किए गए हथियार को बरामद कराने के प्रयास में लगी हुई है।
मुकदमे के विवेचक एसआई मनोज कुमार ने शुक्रवार को करनाल जेल पहुंचकर अखिल गुप्ता के मुख्य हत्यारोपी कार्तिक हलदर को कस्टडी रिमांड पर लिया। एसआई मनोज कुमार और क्राइम ब्रांच की टीम ने हत्यारोपी को रिमांड पर लेकर घंटों पूछताछ की। शातिर हत्यारोपी ने पहले दिन टीम को गुमराह करने के साथ मुंह नहीं खोला। क्राइम ब्रांच को सवालों का जवाब सधे शब्दों में दिया और हत्याकांड की मुख्य वजह बताने से गुरेज रखा है। हालांकि आरोपी ने 161 के बयानों में हत्या में प्रयुक्त हथियार को गाजियाबाद में छुपाने का जिक्र किया है। अब क्राइम ब्रांच का मुख्य फोकस हथियार को बरामद कराना है। विवेचक एसआई मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कस्टडी रिमांड मिल गया है। 36 घंटे की अवधि तक मिले रिमांड के पहले दिन हत्यारोपी कुछ खास नहीं बता सका है। उससे हत्याकांड से संबंधित जानकारियां पूछी गईं, लेकिन वह गुमराह करता रहा। पूछताछ के बाद ही अखिल गुप्ता हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। बता दें कि वर्ष 2015 में अलमासपुर निवासी अखिल गुप्ता की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह डेयरी से घर लौट रहा था। हत्याकांड का मुख्य हत्यारोपी पानीपत में एक गवाह की हत्या के मामले में करनाल जेल में बंद है।