छात्रा का अपहरण कर गैंगरेप, तनाव बना
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में कक्षा 12वीं की छात्रा का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। बदहवाश युवती अपने परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची तो यहां से पुलिस ने नई मंडी थाना भेज दिया है। घंटो तक पीड़ित परिवार छात्रा को लेकर चक्कर लगाते रहे। बाद में आला अधिकारियों की फटकार के बाद छात्रा का मेडिकल कराया गया।
शहर निवासी लड़की नई मंडी के एक इंटर कालेज में कक्षा 12वीं की छात्रा है। शनिवार सुबह छात्रा घर से स्कूल के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में छात्रा का चार युवकों ने अपहरण कर लिया। युवक छात्रा को कार में डालकर नई मंडी से संधावली बाइपास को जोड़ने वाले मार्ग की ओर ले गए। युवकों ने खेत में घसीट कर छात्रा के साथ गैंगरेप किया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट की गई। किसी प्रकार युवकों के चंगुल से छूटकर घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई। इस पर परिजन छात्रा को लेकर सिविल लाइन थाने में पहुंचे। पीड़ित छात्रा ने पुलिस को घटनाक्रम बताया। सिविल लाइन पुलिस ने मामला नई मंडी का बताकर पल्ला झाड़ लिया। काफी देर तक परिजन पीड़ित छात्रा को लेकर चक्कर लगाते रहे। बाद में आला अधिकारियों की फटकार के बाद पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराया। हालांकि देर शाम तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आ सकी है। उधर, पुलिस ने मामला दो समुदाय के बीच होने से आनन-फानन में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर नई मंडी कुशलपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्ठया मामला संदिग्ध है। छात्रा से भी पूछताछ की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगी।