छपार(मुजफ्फरनगर)। बरला में चार दिन पूर्व खेत पर रखवाली करने गई महिला की हत्या चाकू से गोदकर नहीं गोली मारकर की गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। अभी तक पुलिस हत्या का खुलासा नहीं कर सकी है।
छपार क्षेत्र के गांव बरला निवासी पवन कश्यप की पत्नी पूनम 27 जून की सुबह जंगल में सब्जी की रखवाली करने गई थी। वहीं पर उसकी हत्या कर दी गई। उसकी नग्न अवस्था में लाश पास ही ईंख के खेत में पड़ी मिली थी। उसके गर्दन और पेट में चाकू के निशान थे। बरला पुलिस चौकी इंचार्ज का कहना है कि बदमाशों ने गोली मारकर घावों को चाकू से कुरेदा होगा, लेकिन पोस्टमार्टम के समय एक गोली मृतका की गर्दन में फंसी हुई मिली। आखिर बदमाशों ने ऐसा क्यों किया, वे क्या दिखना चाह रहे थे? वे गोली के निशान क्यों मिटाना चाहते थे? चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी। न ही किसी से अभी तक पूछताछ ही की है। महिला से गैंगरेप की आशंका जताई गई थी, मगर पुलिस का कहना है कि इसकी पुष्टि तो मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। अभी तक हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। उधर, महिलाएं जंगल में जाने से घबरा रही हैं।
मेधावी बच्चों को किया सम्मानित
छपार। स्वतंत्रता सेनानी पंडित राम स्वरूप शर्मा और दामोदर की पुण्य स्मृति में ब्राह्मण समाज के मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बसेड़ा की मेघा, अक्षय शर्मा, सुनील शर्मा आदि को संयोजक मास्टर दीनबंधु शर्मा ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इंदु शर्मा, सेवाराम, भानू शर्मा, प्रदीप, बिजेंद्र, शिवदत्त, सोमदत्त आदि मौजूद रहे।