दहेज हत्या के आरोपी पति-सास गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। कूकड़ा ब्लॉक के सरकारी क्वार्टर में फांसी लगा कर की गई विवाहिता की हत्या के मामले में पति और सास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कूकड़ा ब्लॉक के सरकारी क्वार्टर में रहने वाला विवेक पाल स्वामी कल्याणदेव जिला अस्पताल के मलेरिया विभाग में फील्ड कर्मचारी के रूप में तैनात है। विवेक की शादी करीब एक साल पूर्व मेरठ के मोदीपुरम के निकट स्थित गांव पावली निवासी उमा पाल से हुई थी। नौ मई की शाम उमा का शव सरकारी क्वार्टर के ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में छत के पंखे से फांसी लगा अवस्था में मिला था। घटना की सूचना पर पहुंचे उमा पाल के परिजनों ने पति व सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था, जिस पर विवेक पाल व उसकी मां सुशील देवी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में उमा के परिजनों की तहरीर पर दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रविवार शाम दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति विवेक पाल व सास सुशील देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी मां-बेटे को जेल भेज दिया गया है।