खतौली। एक महिला ने अपने आपको चिकित्सक बताकर व्यापारी को ठग लिया। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुुरू कर दी है।
राजाराम मंडी के रहने वाले थोक के व्यापारी मयंक जैन के पास बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे के करीब एक महिला का फोन आया। बताया कि वह डॉ. मीनाक्षी बोल रही हूं और आवास विकास में मेरा मकान है। उसने मयंक को करीब 20 हजार रुपये का घरेलू सामान लिखवा दिया। महिला ने सारा सामान आवास विकास में लाने के लिए कहा। व्यापारी ने रेहड़ा वालों को सामान लेकर आवास विकास में भेज दिया। आवास विकास में एक्सईएन ऑफिस के बराबर में लाल रंग की ई-रिक्शा खड़ी थी। रेहड़ा चालक ने सभी सामान उस रिक्शा में रखवा दिया। चालक ने महिला को फोन करके पैसों देने के बारे में पूछा। महिला ने फोन पर चालक को बताया कि वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किसी मरीज को देखने के लिए आई थी, इसलिए अस्पताल में आकर पैसे ले जाओ। वह अस्पताल में महिला चिकित्सक से पैसे लेने के लिए पहुंचा। मालूम करने पर पता चला कि इस नाम की महिला डॉक्टर अस्पताल में नौकरी नहीं करती है। सूचना पर व्यापारी मयंक अस्पताल में पहुंचा। अस्पताल और आवास विकास में तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। माल का रिक्शा भी गायब था। पुलिस ने मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया है।