सीमेंट के 50 कट्टे पकड़े
खतौली। पुलिस ने नकली सीमेंट होने की शिकायत पर 50 कट्टे बरामद किए। पुलिस ने वाहन चालक को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने राजमिस्त्री की ओर से सीमेंट देने वाले दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर कार्रवाई प्रारंभकर दी है। पुलिस ने सीमेंट का सैंपल लेकर जांच पड़ताल के लिए लैब में भेजा है।
गांव खानजहांपुर निवासी राजमिस्त्री अख्तर पुत्र वली मोहम्मद गांव में ही ग्रामीण के मकान का निर्माण कर रहा है। शनिवार को राजमिस्त्री ने गांव निवासी ताहिर व जावेद से मकान का लिंटर डालने के लिए सीमेंट के 50 कट्टे मंगवाए थे। इन दोनों आरोपियों ने मैजिक में भरवाकर सीमेंट के 50 कट्टे भेज दिए। राजमिस्त्री को नकली सीमेंट होने का शक हुआ तो उसने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने कट्टों को अपने कब्जे में ले लिया है। राजमिस्त्री की ओर से ताहिर व जावेद के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया गया है। पुलिस ने नकली सीमेंट होने की जांच कराने के लिए सैंपल लैब में भेजा है। पुलिस ने चालक को हिरासत लेकर पूछताछ की।