खतौली। बाइक सवार बदमाशों ने डीलर का अपहरण कर दस हजार की नगदी और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट कर घायल करके सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
आदमपुर मोचड़ी निवासी कुलदीप सिंह पुत्र ब्रह्म सिंह राशन डीलर की दुकान करता है। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार की शाम सात बजे रेलवे स्टेशन के पास स्थित गोदाम से मिट्टी तेल का कोटा उठाने के लिए रुपये जमा कराने के लिए जा रहा था। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचों से आतंकित करते हुए उसे अपने बीच में बैठा लिया और मुंह पर कपड़ा लपेट दिया। इसके बाद बदमाश उसे बुआड़ा रास्ते पर ले गए और उससे दस हजार रुपये की नगदी, मोबाइल, स्टॉक रजिस्टर आदि सामान लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश उसे गांव फहीमपुर के पास चौराहे पर सड़क किनारे फेंक करके फरार हो गए। वह किसी तरह से अपने गांव पहुंचा और परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। रविवार को पीड़ित राशन डीलर ने पुलिस को लूट की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।