झगड़ा करने पर छह लोगों का चालान
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार में महिला से लेनदेन को लेकर हुए विवाद में झगड़ा कर रहे तीन युवकों कदीर, शाहिद व दानिश को सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़ लिया। तीनों आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। उधर, बकरा मार्केट पर बच्चों के विवाद में झगड़ा कर रहे फैसल, सादिक व शाहरुख को पुलिस ने पकड़ लिया। उक्त तीनों का भी शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।
युवक पर हमला, आरोपी फरार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मखियाली निवासी संगीत तोमर ने तहरीर देकर बताया कि वह मंगलवार रात घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही मांगेराम, कंवरपाल व सुधीर ने उसे रोककर गालीगलौज की। विरोध करने पर तीनों ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घायल का मेडिकल कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे का आरोपी बस चालक गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में कूकड़ा ब्लॉक पर तीन दिन पूर्व बस चालक ने टक्कर मारकर बच्चे शिवांस को कुचल दिया था। मासूम की देर रात मेरठ के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने बच्चे के पिता आशुतोष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी बस चालक सोराज निवासी चौरावाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।