नर्सिंगहोम में तीमारदारों ने उत्पात मचाया, तोड़फोड़
मुजफ्फरनगर। शहर के सरकुलर रोड स्थित अहलावत नर्सिंग होम में भर्ती महिला मरीज के तीमारदारों ने फीस जमा करने के लिए कहे जाने पर नर्सिंगहोम में तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं कर्मचारियों से भी मारपीट की गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। नर्सिंग होम कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व छह-सात अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर से सटे गांव अलमासपुर निवासी सोनू ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी। वह सरकुलर रोड स्थित अहलावत नर्सिंग होम में काम करता है। कर्मचारी के अनुसार 18 सितंबर को भोपा के गांव रहमतपुर निवासी महिला कांति पत्नी महक सिंह को परिजनों ने खराब स्वास्थ्य के चलते हॉस्पिटल में एडमिट कराया था। उपचार शुरू करने के बाद नर्सिंग होम प्रबंधन ने महिला के परिजनों को हॉस्पिटल का शुल्क काउंटर पर जमा करने के लिए कहा। आरोप है कि फीस जमा करने की बात सुनते ही महिला के परिजन उखड़ गए और हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारियों के रोकने पर उनके साथ मारपीट कर दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने नर्सिंग होम में रखा फर्नीचर व अन्य सामान भी तोड़ दिया, जिससे हॉस्पिटल को करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ। हॉस्पिटल कर्मचारियों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्हें देख आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। कर्मचारी सोनू ने दो आरोपियों मोहित व आशु निवासीगण रहमतपुर भोपा को नामजद करने के साथ ही छह-सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।