कारोबारी से दो लाख की रंगदारी मांगी
मुजफ्फरनगर। शहर के एक कारोबारी ने सभासद प्रवीण कुमार पीटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि सभासद ने उससे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी सिटी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने सभासद के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी योगेश कुमार सिंघल पुत्र जुगल किशोर ने उक्त मामला दर्ज कराया है। बताया कि उसका वार्ड संख्या 23 के सभासद प्रवीण कुमार पीटर पुत्र चमनलाल निवासी नवाबगंज से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके संबंध में अदालत में मुकदमा विचाराधीन है। इसी बीच प्रवीण कुमार पीटर ने अपनी पत्नी की ओर से ढाई माह पहले रेप की झूठी शिकायत कर कोर्ट में चल रहा मुकदमा वापस करा लिया था। फैसले के बदले उससे तीन लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि 12 दिसंबर को प्रवीण कुमार पीटर ने उसको फोन कर दो लाख रुपये की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। शहर इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की ओर से सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
सड़क हादसों में घायल
मुजफ्फरनगर। सड़क हादसों के कई राहगीर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मुरादनगर निवासी हरेंद्र पुत्र जगदीश टाटा मैजिक लेकर मुजफ्फरनगर आ रहा था। वहलना के पास उसका वाहन पेड़ से टकरा गया, जिससे वह घायल हो गया। जानसठ के सोनी , शाहपुर के सौरम के धर्मेंद्र भी सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
युवक ने घर छोड़ा
मुजफ्फरनगर। प्रेमपुरी की लोकेश शर्मा ने शहर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे मनोज का अपनी पत्नी रूकमणी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसके चलते मनोज घर छोड़कर चला गया। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली है।