सरवट का वाजिद हत्याकांड : ससुराल वालों पर हत्या का शक
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन के सरवट फाटक पर हुई पेंटर वाजिद हत्याकांड में मृतक के पिता ने उसकी ससुराल वालों पर हत्या कराने का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक की पत्नी पर भी शक जताया है। इसके आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
सरवट निवासी वाजिद पुत्र मुस्तफा रंगाई-पुताई का काम करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह साइकिल पर सवार होकर काम पर से अपने घर लौट रहा था। जब वह सरवट फाटक पार करके सरवट की चला तो तभी बाइक सवार युवकों ने उसे आवाज देकर रोका और उसके सीने में गोली मार दी थी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वाजिद के पिता मुस्तफा ने मृतक की पत्नी और ससुराल वालों पर अपने पुत्र की हत्या कराने का संदेह व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। ससुराल वाले गांव मखियाली के निवासी है। पिता ने तहरीर में पुत्रवधू के चरित्र पर भी अंगुली उठाई है। ़इंस्पेक्टर सिविल लाइन जीसी शर्मा ने बताया कि पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ कर कई बिंदुओ को जांच में शामिल कर तहकीकात कर रही है, जल्द हत्या की घटना का खुलासा किया जाएगा।
मल्हूपुरा का सितारा हत्याकांड : दामाद नौशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला मल्हुपुरा में हुए सितारा हत्याकांड में मृतका के पिता ने अपने दामाद नौशाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। हत्यारोपी पति नौशाद मेरठ मेडिकल में भर्ती है, जिसकी हालत में अब सुधार है। सिविल लाइन इंस्पेक्टर जीसी शर्मा ने बताया कि उसके ठीक होने पर पुलिस उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करेंगी। सिविल लाइन के मुल्हूपुरा निवासी नौशाद ने शनिवार को पत्नी सितारा की गर्दन रेत कर हत्या कर दी थी। पत्नीहंता ने बाद में सल्फास खाकर और हाथ की नस काट की खुद भी जान देने की कोशिश की थी। इस मामले में मृतका के पिता खालापार निवासी मोहम्मद जहांगीर ने अपने दामाद नौशाद के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।