मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर एक मोहल्ला निवासी युवक ने तहरीर देकर पड़ोस के ही गुलमौहम्मद, गुलसनव्वर और गुलमनव्वर उसके परिवार से रंजिश रखते हैं। आरोप है कि उक्त तीनों उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर में घुस आए और उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की। पत्नी की चीख-पुकार पर शिकायतकर्ता की मां ने वहां आकर उसकी पत्नी को आरोपियों से बचाया। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपियों के घर शिकायत लेकर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
नशीला पदार्थ सूंघा वृद्धा से कुंडल लूटे
मुजफ्फरनगर। शाहपुर के गांव बरवाला की शिमला (85) शहर में डॉक्टर के पास आई थी। जब वह गांव में लौट रही थी तो युवकों ने गांव के प्रधान का परिचित बताकर वृद्धा को बाइक पर बैठा लिया। आरोपी वृद्धा को बैठाकर गांव पीनना के बाग में ले गए, जहां उनके कानों से सोने के कुंडल खींचकर और नशा सुंघाकर बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पीड़िता को उनके गांव पहुंचाया। बुधवार को बरवाला के ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण ईदगाह चौकी पर पहुंचे और चौकी प्रभारी को पूरे घटना की जानकारी दी। सीसीटीवी कैमरों में वृद्धा को लिफ्ट देने वालों की तलाश की, परंतु आरोपी की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
दो वाहन चोरी
मुजफ्फरनगर। ब्रह्मपुरी निवासी बाबूराम पुत्र महावीर सिंह ने सिविल लाइन थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि घर के बाहर से बाइक चोरी हो गई। गांधी कालोनी निवासी भारत भूषण किसी कार्य से टाउनहॉल आया था, उसने स्कूटी बालाजी मंदिर के पास खड़ी की थी, जो चोरी कर ली गई। शहर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घर में घुसकर पीटा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में किदवईनगर निवासी सलमा पत्नी अल्लामेहर ने बताया कि पड़ोस के ही बिलाल पुत्र सादा ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके घर में घुसकर उसके पति को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
युवती का अपहरण, छह लोग नामजद
मुजफ्फरनगर। ककरौली के गांव कम्हेडा निवासी इकबाल ने बताया कि उसकी पुत्री इंद्रा कालोनी में रिश्तेदार के यहां रहकर सिलाई सीख रही है। आरोप है कि कम्हेड़ा निवासी अरविंद व अरुण पुत्रगण रणधीर, जगवीरा व राम सिंह पुत्रगण सिमरु, जीतु पुत्र राम सिंह, रणधीर पुत्र सिमरु उसकी पुत्री का बहका-फुसला कर अपहरण कर ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी की कार समेत दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान शातिर वाहन चोर को दबोच कर उसके पास से दिल्ली से चोरी की वैगन आर कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी न्याजूपुरा निवासी औसाफ पुत्र मंसूर बताया गया है, जो पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।