छात्र पर बस से खींचकर हमला
भोपा। ट्यूशन के लिए मुजफ्फरनगर जा रहे गांव शुक्रतारी निवासी छात्र को कुछ युवकों ने बस रुकवाकर नीचे खींचते हुए उस पर हमला कर दिया। राहगीरों ने किसी तरह छात्र की जान बचाई, जिस पर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव शुक्रतारी निवासी लवकुश मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र है। वह मुजफ्फरनगर में ही कोचिंग भी करता है। सोमवार दोपहर के समय वह कोचिंग के लिए घर से निकला और भोपा-मुजफ्फरनगर रूट की प्राइवेट बस में सवार हो गया। जैसे ही बस यूसुफपुर चौराहे पर पहुंची, उसके गांव के ही युवक ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर बस को जबरन रुकवाते हुए बस में चढ़कर लवकुश को नीचे खींच लिया। आरोप है कि हमलावरों ने छात्र पर बेल्ट व डंडों से हमला बोलकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोग घायल छात्र की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे तो आरोपी जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को ले जाकर सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।