शाहपुर। गांव दुल्हेरा में खाली पड़ी भूमि पर देवता की स्थापना करने को लेकर विवाद हो गया। देवता की स्थापना कर रहे लोगों पर पड़ोस के ही एक परिवार ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में एक बुजुर्ग महिला सहित तीन घायल हो गए।
शाहपुर के गांव दुल्हेरा में इंद्रपाल प्रजापति के परिवार के लोग अपने घर के बराबर में खाली पड़ी भूमि पर देवता स्थापित कराने को लेकर पूजन कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच पड़ोस के ही एक परिवार के लोगों ने उनके साथ कहासुनी शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कर दिया। इंद्रपाल पक्ष के बिट्टू ने बताया दोपहर के समय एक बार फिर दूसरे पक्ष ने उनके साथ कहासुनी की। विरोध करने पर धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया। हमले में 75 वर्षीय मांगी के अलावा बिट्टू व बबलू पुत्रगण इंद्रपाल घायल हो गए। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया। घटना के संबंध में थाने में तहरीर नहीं दी गई थी।
शाहपुर में बसी रोड पर होगी पटाखों की बिक्री
शाहपुर। दीपावली पर्व पर कस्बे में बसी रोड पर पटाखों की बिक्री की जाएगी। इसके लिए 11 दुकानदारों ने लाइसेंस को आवेदन किए हैं। कस्बे में दीपावली पर्व पर पटाखों की बिक्री को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि शनिवार तक आवेदन करने वाले 11 दुकानदारों के स्थाई लाइसेंस बनाने की संस्तुति की है। पटाखों की बिक्री खुले मैदान पर कराई जाएगी। दुकानें बसी रोड स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर लगायी जाएंगी।
राशन कार्ड वितरित किए
शाहपुर। कस्बे के 14 पात्र लोगों को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने अंत्योदय राशन कार्ड वितरित किए। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इन पात्र लोगों की हर संभव मदद कराई जाएगी। इस दौरान सभासद उमेश गोयल, अब्दुल कलाम अंसारी के अलावा सचिन सिंघल व जयभगवान पाल आदि मौजूद रहे ।
--