मुजफ्फरनगर। शहर से सटे एक गांव के एक घर में कूदे युवक पर लूट का आरोप लगाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया, जिस पर पुलिस ने उक्त सभी को भी हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक शुक्रवार रात अपने मोहल्ले में ही रहने वाले एक व्यक्ति के घर में दीवार फांदकर कूद गया। आहट होने पर ग्रामीण ने परिजनों के साथ मिलकर युवक को रंगेहाथ दबोचकर शोर मचा दिया, जिसके बाद मारपीट कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। शनिवार दोपहर पीड़ित ग्रामीणों के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसपी सिटी ओमवीर सिंह से मिला और उन्हें घटना की जानकारी देते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी ने उन्हें शहर कोतवाली भेज दिया। पुलिस ऑफिस से ग्रामीण थाने पहुंचे और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। जिस पर उक्त सभी लोगों को भी हिरासत में लेते हुए हवालात में डाल दिया। बाद में आरोपियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि आरोपी युवक हिरासत में ही है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मानकर जांच कर रही है।