मुजफ्फरनगर। शहर के मीनाक्षी चौक पर क्राइम ब्रांच और शहर कोतवाली पुलिस ने दो कबाड़ी के गोदाम, दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कबाड़ी तो फरार हो गए, जबकि दुकान और गोदाम पर काम कर रहे मजदूरों को हिरासत में ले लिया गया। मौके से कई कटे वाहन बरामद किए गए, जिनके संबंध में जांच की जा रही है।
मीनाक्षी चौक पर सोमवार शाम क्राइम ब्रांच और शहर कोतवाली पुलिस की टीम ने एक साथ कबाड़ी की दुकानों और गोदामों पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार, मुख्य रूप से पूर्व में चोरी के वाहन काटने में शामिल रहे दो कबाड़ी निशाने पर रहे, जो पुलिस टीम को देखते ही फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने दुकान व गोदाम में काम कर रहे कई मजदूरों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दुकानों व गोदामों से कई कटे-अधकटे वाहन, वाहनों के पार्ट्स-बॉडी व अन्य सामान बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि कुख्यात नन्हें कबाड़ी समेत दो की दुकान व गोदाम पर छापेमारी की गई है। कई अनियमितताओं के साथ ही कटे-अधकटे वाहन मिले हैं, जिनके संबंध में जांच की जा रही है। यदि कटे-अधकटे वाहनों के कागजात में हेराफेरी मिली अथवा वे चोरी के मिले तो आरोपी कबाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।