फैक्ट्री कर्मचारी से मारपीट
भोपा। गांव धीराहेड़ी निवासी अंकित ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह भोपा रोड स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। दो माह पूर्व वह बस में सवार होकर अपने घर आ रहा था। इसी बीच बस में सवार निरगाजनी निवासी युवक से सीट को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। इस पर निरगाजनी के युवक ने फिर से देख लेने की धमकी दी। बुधवार की सुबह वह फैक्ट्री जा रहा था। गांव निरगाजनी के युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने उसको गोली मारने का भी प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
विवाहिता की हत्या का प्रयास
भोपा। ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि चार दिन पूर्व गला दबाकर उसकी हत्या करने का भी प्रयास किया गया।
गांव रहकड़ा निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि उसका पति बुधवार की सुबह काम की तलाश में घर से बाहर चला गया। उसके बाद सास, जेठ, जेठानी व जेठ के बच्चों ने मारपीट घायल कर दिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का भी प्रयास किया। एसएसआई लेखराज सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।
गोली मारने के मामले में मुकदमा
भोपा। गांव रहमतपुर निवासी कपिल ने पिता के डांट देने पर क्षुब्ध होकर मंगलवार की रात तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर आत्महत्या करने का मुकदमा दर्ज कर दिया। बुधवार को परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शांति समिति की बैठक
भोपा। रमजान माह को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक ने क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में शांति समिति की बैठक कर लोगों को भाईचारे का पाठ पढ़ाया। थाना प्रभारी निरीक्षक डा. बीपी सिंह ने बताया कि रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक जौली, नंगला बुजुर्ग, नन्हेड़ा, नन्हेड़ी, सीकरी, भोकरहेड़ी आदि गांवों में आयोजित की गई। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं भाईचारा कायम करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की।