मूलचंद विहार में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मकान में घुसकर बदमाशों ने ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी सहित लाखों रुपयों के जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बदमाश घर के अंदर बने मंदिर से चांदी की मूर्ति और दानपात्र का ताला तोड़कर उसके अंदर से हजारों रुपयों की नकदी भी चोरी कर ले गए। मकान मालिक रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए हुए थे। मकान में ताला लगा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। कालोनी में चोरी की घटना को लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है।
मूलचंद विहार कॉलोनी में रहने वाले सुशील कुमार पुत्र रोशनलाल शुक्रवार को अपने मकान का ताला बंद करके परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में बाहर गए हुए थे। शुक्रवार की रात को ही चोर छत के रास्ते से मकान में घुस गए। चोरों ने मकान के अंदर घुसकर दो सेफ के ताले तोड़े, जिनके अंदर से चोरों ने तीन लाख रुपये की नगदी सहित सुशील कुमार की पत्नी मधुरिका के 10 तोले के सोने व चांदी के जेवरात व पुत्रवधू जिज्ञासा के भी करीब 10 तोले के सोने व चांदी के जेवर तथा मकान के अंदर बने मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति व वहां पर रखे दानपात्र का ताला तोड़कर उसके अंदर से करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर नकदी सहित करीब 10 लाख रुपयों की कीमत के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। मकान के अंदर चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर छत के रास्ते से ही फरार हो गए। शनिवार की शाम को परिवार के लोग शादी समारोह से अपने घर लौटे तो मकान का ताला खोला तो चोरी की घटना का पता चला। चोरी की घटना की खबर लगने से मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित सुशील कुमार ने पुलिस को चोरी की घटना की तहरीर दे दी है। चोरी की घटना से नागरिकों में रोष व्याप्त है।
डीजे के आवाज में भनक नहीं लगी
मूलचंद विहार में सुशील कुमार के मकान के पास कृष्ण वाटिका है। शुक्रवार की रात को कृष्णा वाटिका में शादी समारोह था, जिसमें तेज आवाज से डीजे बज रहा था। डीजे बजने की वजह से पड़ोसियों को वारदात की भनक तक नहीं लगी।