युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। शहर की एक युवती लव जिहाद के साथ ही हैवानियत की भी शिकार हो गई। दूसरे समुदाय के युवक ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसके अश्लील फोटो खींचे और उन्हें दिखाकर सगाई तुड़वा दी। इसके बाद युवती को ब्लैकमेल करते हुए जबरन कोर्ट मैरिज कर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। पीड़िता आरोपी की दहशत के चलते घर में ही कैद हो गई। बुधवार को पीड़िता की शिकायत पर राज्य महिला आयोग की सदस्या के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहर निवासी युवती ने बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ प्रियम्वदा तोमर के समक्ष पेश होकर बताया कि कुछ समय पूर्व दूसरे समुदाय के युवक ने फर्जी नाम बताकर उसे प्रेमजाल में फंसाते हुए धोखे से उसके अश्लील फोटो खींच लिए। पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पूर्व उसकी सगाई हुई तो आरोपी ने उसके मंगेतर को अश्लील फोटो दिखा दिए, जिससे उसका रिश्ता टूट गया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती को ब्लैकमेल कर उसके साथ जबरन कोर्ट मैरिज कर ली और लगातार उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। बेटी के साथ हो रही ज्यादती से उसके पिता की 14 जनवरी को सदमे से मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद युवती लगातार हो रही हैवानियत से टूट गई और आरोपी की दहशत के चलते अपने घर में ही कैद हो गई। आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी एक बार युवती के घर जा पहुंचा और वहीं उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बुधवार को डॉ प्रियम्वदा तोमर के समक्ष रो-रोककर दुखड़ा रोया तो उसके साथ हुई हैवानियत सुनकर सबके रौंगटे खड़े हो गए। डॉ तोमर ने तत्काल महिला थाना पुलिस को बुलाते हुए मल्हूपुरा निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के आदेश दिए, जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे नई मंडी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पीड़िता की तहरीर पर देर रात पुलिस आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। राज्य महिला आयोग सदस्या डॉ तोमर का कहना है कि घटना गंभीर है। पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।