मुजफ्फरनगर। शहर के सीओ दफ्तर के पास सोमवार दोपहर तितावी शुगर मिल की स्टाफ बस की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
नई मंडी क्षेत्र के मुनीम कॉलोनी निवासी नवीन कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह बाइक से भोपा पुल से होकर शहर की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह बाइक से सीओ दफ्तर के सामने पहुंचा, तो गांधी कॉलोनी फ्लाईओवर की तरफ से आई तितावी शुगर मिल की स्टाफ बस की चपेट में बाइक सवार आ गया। सिर पर हेलमेट नहीं होने से नवीन बुरी तरह से घायल हो गया। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने उसको जिला अस्पताल भेजते हुए उसके परिजनों को हादसे से अवगत कराया, जहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे सीधे आनंद हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद पुलिस ने शुगर मिल की स्टाफ बस को कब्जे में ले लिया है। देर शाम तक युवक के परिजन घटना की तहरीर देने की तैयारी कर रहे थे।