कारों की भिड़ंत में चालकों में मारपीट, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
खतौली। खतौली व जानसठ रोड पर दो कारों की आगे पीछे से भिड़ंत हो गई। इस मामले को लेकर दोनों चालकों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट में एक चालक घायल हो गया।
बिजनौर निवासी सतीश अग्रवाल उसके दो दोस्त राजीव व प्रीतम सिंह अपनी कार से रविवार की सुबह करीब 7 बजे दिल्ली रिश्तेदारी में जा रहे थे। खतौली व जानसठ रोड पर गांव खानजहांपुर के पास इनकी कार आगे जा रही कार से भिड़ गई। टक्कर लगने से कार का पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मारुति कार में मेरठ के हस्तिनापुर निवासी सतीश पुत्र हरदेवा उसका भाई सहदेव और बहनोई कुलदीप सवार थे। ये लोग मेरठ में जा रहे थे। कार को सतीश चला रहा था। कारों की भिड़ंत को लेकर दोनों चालकों के बीच मारपीट हो गई। सतीश ने अपनी कार से लोहे की रॉड निकाल करके सतीश अग्रवाल को मार दी, जिससे सतीश अग्रवाल घायल हो गया। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों ने कार सवारों और चालकों के बीच आपस में समझौता करा दिया। इसके बाद कार सवार वहां से चले गए। इस घटना की पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।