ई-रिक्शा चोर गिरोह का भंडाफोड़, एक दबोचा
तितावी। पुलिस ने ई-रिक्शा चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी के पास से तमंचा-कारतूस बरामद करने के साथ ही उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच ई-रिक्शा बरामद की गईं हैं।
तितावी थाने पर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को पुलिस ने सूचना के आधार पर पीर के पास से आबिद पुत्र जमशेद निवासी गढ़ीपुख्ता शामली को पकड़ा था। मौके से उसके दो साथी मतलूब पुत्र अय्यूब निवासी अमीरनगर और अमजद पुत्र महबूब निवासी गढ़ीपुख्ता फरार हो गए। आरोपी आबिद के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए। एसपी देहात के अनुसार पूछताछ में आबिद ने साथियों के साथ अलग-अलग जगह से पांच ई-रिक्शाएं चोरी करने की जानकारी दी, जिस पर उसकी निशानदेही पर मतलूब के अमीरनगर स्थित घर से चोरी की पांचों ई-रिक्शा बरामद कर लीं। तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आबिद को जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों मतलूब व अमजद की तलाश में दबिश दी जा रही है।