खतौली (मुजफ्फरनगर)। खतौली-जानसठ रोड पर कपड़ा व्यापारियों की कार में बाइक सवार तीन युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर युवकों ने व्यापारियों से मारपीट भी की। नगीना के रहने वाले कपड़ा व्यापारी प्रदीप अग्रवाल पुत्र संदीप अग्रवाल कार से अपने साथी व्यापारी राहुल बंसल व दीपक सिंघल को साथ लेकर दिल्ली के हॉस्पिटल से अपने रिश्तेदार को देखने के लिए गए थे। सोमवार रात को खतौली व जानसठ रोड पर गांव खानजहांपुर के पास कार की साइड बाइक में लग गई। जिसको लेकर बाइक सवार दो युवकों ने कार को रोककर ईंट मारकर कार के शीशे तोड़ डाले। इतना ही नहीं बाइक सवारों ने कार सवार व्यापारियों के साथ मारपीट की। इस दौरान वहां से गुजरने वाले अन्य वाहन सवारों ने व्यापारियों की जान बचाई। बाइक सवार युवक कार सवार व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना की सूचना व्यापारियों ने अभी तक पुलिस को नहीं दी है।