एफएसडीए के अधिकारियों ने राज मार्केट में छापामारी की। मार्केट की फूड सप्लीमेंट विक्रेता दुकानों पर कार्रवाई की गई। एक दुकान पर चटनी में प्रतिबंधित दवाएं मिलाकर बेचना सामने आया है। टीम ने दुकान पर रखे करीब 245 डिब्बों को सीज किया है। इसके अलावा एक शॉप पर छापे में प्रतिबंधित इंजेक्शन मिले हैं, जबकि यहां से सेल्समैन को भी हिरासत में लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम राज मार्केट स्थित हर्ष फूड सप्लीमेंट की दुकान पर पहुंची। दुकान पर सप्लीमेंट पाउडर और एक चटनी की पड़ताल की गई। शिकायत मिली थी कि चटनी में प्रतिबंधित दवाएं मिलाकर बेचा जा रहा है। ड्रग्स इंस्पेक्टर जेबी सिंह और पुलिस बल बुलाकर चटनी की जांच की गई। चटनी के दो नमूनों को सील किया गया। इसके अलावा इसी मार्केट में अरशी ट्रेडिंग की दुकान पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान दुकान का स्वामी नहीं मिला। दुकान पर कार्य करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने दुकान पर विभिन्न रूपों की चटनी की जांच की, बाद में करीब 245 डिब्बो को सील किया गया। जब्त किया गया माल करीब एक लाख रुपये की कीमत का है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अरशी ट्रेडिंग से प्रतिबंधित इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दुकान का ड्रग्स लाइसेंस भी नहीं पाया गया। डीआई जेबी सिंह ने तत्काल दुकान के सेल्समैन शाह वकार को हिरासत में ले लिया। जिसे बाद में पूछताछ कर कोतवाली पुलिस को सौंपा गया है। डीआई की ओर से अरशी ट्रेडिंग के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। टीम ने सभी नमूनों को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा है। छापेमारी के दौरान डीओ विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, अनिल कुमार कौशल, राकेश कुमार, डॉ विकास कुमार, कृष्ण कुमार, महबूब अली आदि मौजूद रहे।
शहरभर में मची अफरातफरी
मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की कार्रवाई से शहरभर में फूड सप्लीमेंट विक्रेताओं और मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। राज मार्केट में अधिकांश दुकानों पर फूड़ सप्लीमेंट बिकता है। इसके अलावा भी शहर में अवैध रूप से सप्लीमेंट बेचा जा रहा है। जिसमें संचालक नशीली दवाओं के साथ इंजेक्शन आदि बेच रहे हैं। विभाग की कार्रवाई से विक्रेता अपनी दुकानों पर ताले लगाकर फरार हो गए।