गांव अंबरपुर में खड़ंजा निर्माण को लेकर प्रधान के साथ नोकझोंक और धक्का मुक्की की गई। आरोपियों ने बीच खड़ंजे में दीवार करके निर्माण कार्य को रोक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
रतनपुरी क्षेत्र के गांव अंबरपुर में ग्राम प्रधान मनीष कुमार खड़ंजा निर्माण का कार्य करा रहे थे। इस रास्ते की जगह पर गांव के ही प्रदीप एवं अजय पुत्रगण रामपाल और सुक्का पुत्र भागमल आदि ने अवैध रूप से कब्जा कर पशु भी बांध रखे थे। इन लोगों ने खड़ंजा निर्माण का विरोध शुरू किया। कहा कि जिस जगह खड़ंजा लगाया जा रहा है, वह जगह उनकी है। रास्ता वहां से अलग है। खड़ंजा से पहले वहां पड़ी कूड़ियों को उठवाया जाए, तब ही खड़ंजा का निर्माण होगा। इस पर प्रधान मनीष कुमार से नोकझोंक हो गई और धक्का मुक्की भी हुई।
प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर मामले को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में भी नोकझोंक बढ़ती देख पुलिस ने मौके से प्रदीप एवं अजय पुत्रगण रामपाल और सुक्का पुत्र भागमल को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों को शांतिभंग में जेल भेजने की तैयारी कर रही है।