पेट्रोल पंप मालिकों और प्रबंधकों पर मुकदमा
रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी में मैसर्स ममता फिलिंग सेंटर और मैसर्स बाबा वरदान फिलिंग स्टेशन पर जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव के नेतृत्व में टीम द्वारा की गई छापेमारी के दौरान अनियमितताएं मिली थी।
दोनों पेट्रोल पंपों पर पाई गई अनियमितताओं के संबंध में पूर्ति निरीक्षक खतौली अनुज कुमार की ओर से रतनपुरी के इन दोनों पेट्रोल पंप मालिकों और उनके प्रबंधकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/5 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कराया गया। ज्ञात हो आठ जून को जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव ने उप विक्रय प्रबंधक एचपीसीएल पारितोष डालाकोटी, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान राजेश कुमार और पवन कुमार यादव, एस्सार आयल के सेल्स मैनेजर गौरव गुप्ता ने दोनों पेट्रोल पंपों पर छापा मारा था। मैसर्स ममता फिलिंग सेंटर पर निरीक्षण के दौरान एक मशीन के पल्सर वायर में कटिंग पाई गई थी और दूसरी मशीन का मदरबोर्ड अलग से वायरिग जोड़क़र टेम्पर्ड किया हुआ था। इसके कारण दोनों मशीन सील कर दी गई थी। जबकि दूसरे पेट्रोल पंप बाबा वरदान फिलिंग स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान सभी मशीनों के पल्सर कार्ड बिल्कुल सही पाए गए थे, लेकिन इस पेट्रोल पंप पर एक मशीन के नॉजिल में 40 मिली/5 लीटर और एक अन्य मशीन पर 70 मिली/5 लीटर की घटतौली पाई गई थी। उक्त पेट्रोल पंप की दोनों मशीनों को भी सील कर दिया गया था। मंगलवार को इस संबंध में डीएम की अनुमति पर पूर्ति निरीक्षक खतौली अनुज कुमार की ओर से इन पेट्रोल पंपों के मालिकों एवं प्रबंधकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मकदमा पंजीकृत कराया गया है।