मुजफ्फरनगर। शहर निवासी महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ व मारपीट का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मंगलवार को महिला डॉक्टर की एक अधेड़ से बदसलूकी की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बुधवार को रामपुरी की महिलाओं ने थाने का घेराव कर आरोपी युवक को बेकसूर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला डॉक्टर ने दीवाली की रात बाइक सवार युवक व उसके साथियों के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट करने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार को सोशल मीडिया पर तीन वीडियो क्लिप वायरल हुई थीं, जिनमें महिला डाक्टर एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का गिरेबान पकड़कर उसके साथ बदसलूकी करते हुए नजर आ रही थी। बुधवार का मोहल्ला रामपुरी की महिलाएं शहर कोतवाली पहुंची और थाने का घेराव किया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान को शिकायती पत्र देकर पीड़िता पर आरोपी युवक को झूठा फंसाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। इंस्पेक्टर ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।