विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी
मुजफ्फरनगर। गांव मुस्तफाबाद के पांच युवकों को सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर खुड्डा के दो लोगों ने उनसे 12.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। दबाव डालने पर आरोपियों ने पांचों युवकों को फर्जी वीजा व टिकट थमा दिए। खुलासा होने पर पीड़ितों ने आरोपियों से अपने रुपये लेने का तकादा किया तो उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दी। पीड़ितों की गुहार पर डीएम ने नई मंडी थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी गय्यूर ने डीएम राजीव कुमार शर्मा को शिकायती पत्र देकर बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व बझेड़ी में रेलवे क्रॉसिंग के पास उसे खुड्डा के कुछ लोग मिले, जिन्होंने उसे सऊदी अरब में सेल्समैन की नौकरी दिलाने की बात कही। आरोपियों ने इसके लिए 80 हजार रुपये प्रतिमाह तनख्वाह बताते हुए इसके एवज में प्रति व्यक्ति ढाई लाख रुपये खर्च आने की बात कही। पीड़ित के अनुसार सऊदी में नौकरी की बात जानकर उसने ममेरे भाइयों शहजाद व अरशद अली के साथ ही दो अन्य परिचितों को नौकरी दिलाने की बात कही। आरोपियों पर विश्वास कर सभी पांचों युवकों ने विगत 28 अगस्त को खुड्डा के उक्त दोनों लोगों को ढाई-ढाई लाख के हिसाब से कुल 12.50 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि सात सितंबर को आरोपियों ने युवकों को बुलाकर उन्हें वीजा व एयर टिकट की टिकटें देते हुए नई दिल्ली से दस सितंबर की फ्लाइट होना बताया। पीड़ित के अनुसार, जब वे टिकट व वीजा लेकर दस सितंबर को नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां उन्हें जांच के बाद वीजा व टिकट दोनों फर्जी बताए गए। इस पर पीड़ित युवक परिजनों के साथ गांव खुड्डा में आरोपियों के घर पहुंचे और अपने रुपये लौटाने के लिए कहा तो उन्होंने उन पर हमला कर मारपीट कर दी।